होलिका दहन में गौकाष्ट लकड़ी के उपयोग के निर्देश, जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न

संवाददाता पूजा मालवीय
नरसिंहपुर: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें होली, रंगपंचमी, नवरात्रि और ईद-उल-फितर सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने होलिका दहन के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गौकाष्ट से निर्मित लकड़ी के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने कहा कि लाउडस्पीकर निर्धारित सीमा में ही बजाए जाएं और होलिका दहन बिजली के तारों के नीचे न किया जाए। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







