पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल तलावली में अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण, शिक्षा सुविधाओं को मिली नई मजबूती
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किया लोकार्पण, कलेक्टर नेहा मीना रहीं मौजूद

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
तलावली।
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सोमवार को पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल तलावली में नव निर्मित अतिरिक्त कक्ष का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विद्यालय परिसर का भ्रमण, नवाचारों की सराहना
लोकार्पण उपरांत मंत्री सुश्री भूरिया एवं कलेक्टर नेहा मीना ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की लाइब्रेरी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पवन ऊर्जा, टेरेस गार्डन एवं जल निष्कासन प्रणाली जैसे नवाचारी विषयों पर आधारित मॉडलों को देखा।
दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी नवाचार के लिए प्रेरित किया।

स्मार्ट कक्षाओं का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लासरूम का अवलोकन कर शैक्षणिक नवाचारों की जानकारी प्राप्त की गई। आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों को सराहा गया।
शिक्षा से ही समाज का सर्वांगीण विकास – सुश्री भूरिया
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि
“शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का आधार है। शासन द्वारा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायता मिलेगी।”
पीएम श्री विद्यालय नवाचार की मिसाल – कलेक्टर नेहा मीना
कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि
“पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से आधुनिक, नवाचारयुक्त एवं व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल इस बात का प्रमाण हैं कि वे नवीन तकनीकों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को गहराई से समझ रहे हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच अपनाने और शिक्षा के साथ नवाचार को जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार को सराहना
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की गई तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।







