जबलपुर में घर छोड़ने के बहाने महिला से रेप: प्लॉट सौदे के दौरान हुई पहचान, कार में ले जाकर की ज्यादती; आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर में प्लॉट सौदे के बहाने महिला से दुष्कर्म। आरोपी सुरेंद्र सिंह ने कार में ज्यादती कर धमकाया। नुनसर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा, कार भी जब्त।

जबलपुर में एक महिला से दुष्कर्म करने के मामले में नुनसर पुलिस ने 47 वर्षीय सुरेंद्र सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी और पीड़िता की पहचान कुछ समय पहले प्लॉट खरीद-बिक्री के सौदे के दौरान हुई थी। आरोपी ने प्लॉट के लिए 30 हजार रुपए एडवांस दिए थे, लेकिन महिला ने बाद में प्लॉट बेचने से इनकार कर दिया। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पैसे वापस मांगकर महिला पर दबाव बनाने लगा।
रविवार शाम महिला जबलपुर से अपने गांव लौट रही थी, तभी अंध-मूक बाइपास पर आरोपी मिला। उसने महिला को घर छोड़ने की बात कही। भरोसा करते हुए महिला उसकी कार में बैठ गई, लेकिन सुरेंद्र उसे मुख्य मार्ग की बजाय सर्विस रोड पर ले गया और कार में ही जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने महिला को नुनसर गांव के पास छोड़कर धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वह जान से मार देगा।
सोमवार सुबह पीड़िता ने नुनसर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी विपिन और टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह पाटन से दमोह भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला के पति का करीब 5 साल पहले निधन हो चुका है। गांव में उसके पास 700 वर्गफीट का प्लॉट है, जिसे बेचने को लेकर आरोपी से लेनदेन हुआ था। करीब 6 महीने पहले आरोपी ने एडवांस राशि दी थी, लेकिन सौदा अंतिम रूप नहीं लेने पर वह पैसे वापस मांग रहा था।
एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है।







