गाडरवारा में दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने किया चक्काजाम, प्रशासन ने आरोपी के अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में 13 वर्षीय बच्ची से रेप के मामले में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन ने उसकी दुकान पर बुलडोजर चला दिया।

गाडरवारा नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले ने गुरुवार को तब तूल पकड़ लिया, जब पीड़िता के परिजनों और ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी के घर को भी बुलडोजर से गिराया जाए। सूचना पर पहुंचे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की अवैध दुकान को जमींदोज कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 19 फरवरी की है, जिसमें आरोपी पर 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत गाडरवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

चक्काजाम और बुलडोजर कार्रवाई
हिरासत में लिए जाने के बाद भी परिजन आरोपी के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। गुरुवार को ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने कौड़िया गांव के पास स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही एसडीएम, राजस्व विभाग और गाडरवारा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों को समझाने के साथ ही प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी। राजस्व विभाग ने आरोपी की अवैध दुकान को चिह्नित कर बुलडोजर चला दिया।
यातायात प्रभावित, तनावपूर्ण माहौल
करीब एक घंटे तक चले चक्काजाम के कारण हाईवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने बताया, “यातायात सुचारू रखने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है। आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। राजस्व टीम द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी है।”
परिजनों का कहना है कि आरोपी का पूरा मकान गिराया जाए, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।







