हाइवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला, सास-बहू और 2 साल की मासूम की मौत
NH-44 पर दर्दनाक टक्कर के बाद हंगामा, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम; चालक ट्रक छोड़कर फरार

मुरैना। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सास, बहू और दो साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे ससुर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पीछे से मारी टक्कर, तीन जिंदगियां खत्म
पुलिस के अनुसार ट्रक (RJ11 GD 3487) धौलपुर से मुरैना की ओर आ रहा था। इसी दौरान हिंगोना गांव से मुरैना जा रहे रामबरन जाटव (46) अपनी पत्नी रामरती (45), बहू पूनम (25) और दो साल की नातिन काव्या के साथ बाइक पर सवार थे।
दाल मिल के पास ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामबरन दूर जा गिरे, जबकि रामरती, पूनम और मासूम काव्या ट्रक की चपेट में आ गईं। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम
हादसे से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे में जाम खुल सका।
चालक की तलाश जारी
घायल रामबरन जाटव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएसपी दीपाली चन्दौरिया ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







