गाडरवारा से सम्मेद शिखर जी तक ऐतिहासिक पदयात्रा सम्पन्न, संघपति राजकुमार जैन का भव्य स्वागत आज 22 जनवरी को
पूज्य आर्यिका रत्न अनंतमति माताजी ससंघ की 1120 किमी पदयात्रा बनी जैन समाज के लिए गौरव का क्षण

गाडरवारा।
संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर सागर जी की शिष्या, पूज्य आर्यिका रत्न मां अनंतमति माताजी जी ससंघ (9 आर्यिकाएं) को आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से गाडरवारा से श्री सिद्ध क्षेत्र सम्मेद शिखर जी तक लगभग 1120 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा कराने का सौभाग्य सकल दिगंबर जैन समाज गाडरवारा को प्राप्त हुआ।
27 अक्टूबर से 19 जनवरी तक चली पुण्य पदयात्रा
यह पावन पदयात्रा 27 अक्टूबर को गाडरवारा से प्रारंभ होकर 19 जनवरी को श्री सिद्ध क्षेत्र सम्मेद शिखर जी पर सफलतापूर्वक पूर्ण हुई। यात्रा के दौरान संयम, तप, त्याग और साधना की अनुपम मिसाल प्रस्तुत हुई, जिससे जैन समाज सहित संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण से ओतप्रोत रहा।
भाई राजकुमार जैन को सौंपा गया संघपति का दायित्व
इस दीर्घ एवं अनुशासित यात्रा को सुचारु, व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने हेतु समाज द्वारा भाई राजकुमार जैन (वकील साहब) को संघपति का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया, जिसे उन्होंने पूर्ण निष्ठा, सेवा और समर्पण भाव से निभाया।
22 जनवरी को संघपति का भव्य स्वागत जुलूस
संघपति श्री राजकुमार जैन का गाडरवारा आगमन दिनांक 22 जनवरी 2025 को हो रहा है। इस पुण्य कार्य की अनुमोदना एवं अभिनंदन हेतु सकल जैन समाज द्वारा भव्य स्वागत जुलूस का आयोजन किया गया है।
स्वागत जुलूस विवरण
- दिनांक: 22 जनवरी 2025
- समय: प्रातः 10:30 बजे
- प्रारंभ स्थल: पुरानी गल्ला मंडी
- समापन स्थल: निज निवास, चावड़ी वार्ड
सकल जैन समाज से सहभागिता की अपील
सकल दिगंबर जैन समाज गाडरवारा ने समस्त समाजजनों, धर्म प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने एवं पुण्य अनुमोदना करने की विनम्र अपील की है।







