धर्ममध्य प्रदेश

सालीचौका में 551 जवारों का भव्य विसर्जन: 2 किमी लंबा ऐतिहासिक चल समारोह, हरियाली की चादर सा दिखा नजारा

हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, महिला शक्ति ने सिर पर कलश रखकर दिखाई आस्था

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका (नरसिंहपुर)। नगर सेठानी मां जवारों का ऐतिहासिक विसर्जन इस वर्ष भी भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। श्री देव राधाकृष्ण मंदिर परिसर से 551 घटों के साथ निकला चल समारोह पूरे नगर में आस्था और उत्साह का केंद्र बना रहा।

दो किलोमीटर तक फैली “हरियाली की चादर”

सोमवार सुबह 7 बजे से ही भगवा परिधान में महिलाएं मंदिर परिसर में एकत्रित होने लगीं।
समिति द्वारा उनके सिर पर विधिवत कलश स्थापित किए गए और गाजे-बाजे व भक्ति गीतों के साथ चल समारोह अमाड़ा रोड होते हुए खेड़ापति मंदिर की ओर रवाना हुआ।

करीब 2 किलोमीटर लंबे मार्ग में महिलाओं के सिर पर रखे हरे जवारें ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे मानो पूरी सड़क पर हरियाली की चादर बिछ गई हो। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया।

पंडाओं के अद्भुत करतब ने खींचा ध्यान

चल समारोह में दर्जनों पंडाओं ने आस्था और परंपरा का अनोखा प्रदर्शन किया।
कई भक्त जीभ, गाल और होठों में त्रिशूल बाने छेद कर चलते नजर आए, वहीं कुछ पंडा देवी स्वरूप कन्याओं को पालकी में लेकर श्रद्धाभाव से आगे बढ़ते रहे। भक्तों ने नारियल और नींबू अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

बड़े तालाब में हुआ जवारों का विसर्जन

खैरापति मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चना के बाद बड़े तालाब में जवारों का विसर्जन किया गया।
इसके बाद नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में पटेल परिवार के मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।

10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी

भव्य पंडाल में आयोजित महाभंडारे में देर शाम तक करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और कन्याओं ने प्रसादी ग्रहण की।
जवारें उत्सव समिति द्वारा भोजन, बैठने और अन्य व्यवस्थाएं उत्कृष्ट रूप से की गईं।

उद्योगपति, अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे शामिल

नौ दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश और जिले के कई उद्योगपति, अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए और मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

नगर परिषद और पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

चल समारोह के दौरान नगर परिषद द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई।
उपथाना प्रभारी वर्षा धाकड़ एवं पुलिस स्टाफ ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए सराहनीय सहयोग दिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!