एनटीपीसी गाडरवारा में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन
नर्मदा विहार स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल

गाडरवारा। एनटीपीसी गाडरवारा में 77वां गणतंत्र दिवस नर्मदा विहार स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रप्रेम के वातावरण में मनाया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री हिम्मत सिंह चौहान, मुख्य महाप्रबंधक (एनटीपीसी गाडरवारा) के आगमन के साथ हुई। उन्होंने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत सीआईएसएफ गाडरवारा द्वारा मुख्य अतिथि को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
लोकतांत्रिक मूल्यों और उपलब्धियों पर दिया प्रेरक संदेश
अपने संबोधन में श्री हिम्मत सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक महत्ता, भारतीय संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारत की वैश्विक पहचान पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनटीपीसी गाडरवारा द्वारा ऊर्जा उत्पादन, सामाजिक दायित्व और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए संगठन की निरंतर बढ़ती उपलब्धियों का उल्लेख किया।
परेड और सम्मान समारोह
इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने सीआईएसएफ एवं डीजीआर जवानों की अनुशासित और प्रभावशाली परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान एचओपी मेरिटोरियस अवार्ड के अंतर्गत कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बाल भवन एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल के नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। देशभक्ति गीतों, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
विभागीय प्रदर्शनी और पुरस्कार
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थितजनों के हृदय में देशभक्ति, गर्व और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। एनटीपीसी गाडरवारा का यह आयोजन अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का सशक्त प्रतीक बना।







