गाडरवारा एनटीपीसी फ्लाईऐश परिवहन पर सख्ती: 35 वाहनों की जांच, 9 पर जुर्माना; 62,500 रुपये वसूले
एनटीपीसी फ्लाईऐश परिवहन पर जिला परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई। 35 वाहनों की जांच में 9 पर जुर्माना, 62,500 रुपये वसूले गए। सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्ती जारी।

नरसिंहपुर/गाडरवारा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला परिवहन विभाग ने एनटीपीसी में संचालित फ्लाईऐश परिवहन में लगे वाहनों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान 35 वाहनों की जांच में 9 वाहनों में विभिन्न कमियां पाई गईं, जिन पर मौके पर ही 62,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ऋषिकेश मीणा के निर्देशों के परिपालन में की गई।
किन मार्गों पर हुई जांच?
जिला परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया ने बताया कि मंगलवार को
- चीचली–गाडरवारा रोड
- गाडरवारा–तेंदूखेड़ा रोड
पर विशेष अभियान चलाकर एनटीपीसी में संचालित फ्लाईऐश परिवहन के लगभग 35 वाहनों की जांच की गई।
किन-किन बिंदुओं पर की गई जांच?
जांच के दौरान मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं की पड़ताल की गई—
- असुरक्षित परिवहन
- ओवरस्पीडिंग
- परमिट शर्तों का उल्लंघन
- मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं का अनुपालन
35 में से 9 वाहनों में कमी पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई।
62,500 रुपये का जुर्माना वसूला
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि दोषी पाए गए 9 वाहनों से कुल 62,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
टीम ने निभाई सक्रिय भूमिका
यह कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया के नेतृत्व में विभागीय टीम—
सुदामा जाट, संजय राजपूत, प्रभात अवस्थी और देवेन्द्र मेहरा द्वारा संयुक्त रूप से की गई।







