गाडरवारा News: किसान 3 दिसंबर को SDM कार्यालय पहुंचकर देंगे ज्ञापन, 7 दिनों में समाधान नहीं होने पर हाईवे जाम और भूख हड़ताल की चेतावनी
गाडरवारा में किसानों की भूमि में कौडिया ग्राम का निस्तार पानी भरने से फसलें नष्ट हो रही हैं। 3 दिसंबर को SDM कार्यालय में ज्ञापन, 7 दिनों में समाधान नहीं होने पर हाईवे जाम और भूख हड़ताल की चेतावनी।

गाडरवारा (नरसिंहपुर)।
कौडिया ग्राम के निस्तार का पानी लगातार किसानों की कृषि भूमि में भरने से फसलें नष्ट हो रही हैं और खेती करना वर्षों से मुश्किल बनी हुई है। समस्या के निवारण को लेकर किसान लगातार पाँच वर्षों — 2021 से 2025 — तक प्रशासन को लिखित शिकायत, आवेदन और खेतों में भरे पानी के फोटो समेत कई प्रमाण देते आए हैं। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी को लेकर किसान 3 दिसंबर 2025, बुधवार को सुबह 11:30 बजे SDM कार्यालय गाडरवारा में बड़ा ज्ञापन सौंपेंगे। किसानों ने इस दौरान सभी पत्रकारों को भी अपनी समस्या उजागर करने के लिए आमंत्रित किया है।

किसानों ने दिया 7 दिनों का अल्टिमेटम
किसानों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 10 दिसंबर 2025 तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे—
- अपने परिवार सहित भूख हड़ताल पर बैठेंगे
- स्टेट हाईवे-22 (गाडरवारा–करेली मार्ग) को प्रभावित करते हुए बड़े आंदोलन की शुरुआत करेंगे
किसानों का कहना है कि अब यह समस्या उनकी रोजी-रोटी और भविष्य दोनों के लिए गंभीर संकट बन चुकी है।
CM और ये अधिकारी होंगे ज्ञापन के प्राप्तकर्ता
किसानों द्वारा ज्ञापन निम्न अधिकारियों को सौंपा जाएगा—
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश
- कलेक्टर, नरसिंहपुर
- अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (SDM) गाडरवारा
- थाना प्रभारी, गाडरवारा







