तेंदूखेड़ा में सर्वब्राह्मण महासभा तहसील इकाई का गठन, पं. शिवकुमार बसेडिया संयोजक एवं पं. मुकेश बाजपेई अध्यक्ष मनोनीत
Tendukheda News: सर्वब्राह्मण महासभा की तहसील इकाई का गठन, पं. शिवकुमार बसेडिया संयोजक एवं पं. मुकेश बाजपेई अध्यक्ष मनोनीत, बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति।

संवाददाता अवधेश चौकसे
तेंदूखेड़ा | नरसिंहपुर: सर्वब्राह्मण महासभा की तहसील इकाई तेंदूखेड़ा का गठन कलश गार्डन, तेंदूखेड़ा में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान किया गया। बैठक का शुभारंभ भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।
बैठक में समाज की एकता, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर गंभीर एवं सार्थक चर्चा की गई।
ब्राह्मण समाज की एकता पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नंदकिशोर शर्मा ने कहा कि “धर्मों रक्षति रक्षता” की भावना के साथ ब्राह्मण समाज ने सदैव संस्कृति, धर्म और संस्कृत भाषा की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित कर ब्राह्मणत्व और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है।
वासूदेव बसेडिया ने कहा कि ब्राह्मण समाज का नेतृत्व सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है। उन्होंने मंगल पांडे, चंद्रशेखर आज़ाद और पं. जवाहरलाल नेहरू जैसे महापुरुषों का उल्लेख करते हुए समाज की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया और सभी उपवर्गों को मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया।
पं. प्रमोद पचोरी ने कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। देवेंद्र पाठक ने “सिया राम मय सब जग जानी” के माध्यम से समाज में समरसता और एकता पर बल दिया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पं. अभिलाष मिश्रा ने कहा कि पद प्रतिष्ठा नहीं बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक होते हैं।
मजबूत संगठन से निकलता है सशक्त नेतृत्व
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष पं. विष्णु शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन से ही सही और प्रभावी नेतृत्व निकलता है। उन्होंने संगठन में युवा वर्ग और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया तथा ब्राह्मण समाज के भवन निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
तहसील इकाई की घोषणा
सर्वब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पं. नारायण दुबे ने संगठनात्मक घोषणाएं करते हुए सर्वसम्मति से
- तहसील संयोजक : पं. शिवकुमार बसेडिया
- तहसील अध्यक्ष : पं. मुकेश बाजपेई
को मनोनीत किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पं. पूनम मिश्रा ने नवमनोनीत अध्यक्ष मुकेश बाजपेई का पुष्पमाला से स्वागत किया, वहीं जिला महामंत्री अजय बारोलिया ने संयोजक शिवकुमार बसेडिया का सम्मान किया। उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने नवपदाधिकारियों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम संचालन एवं सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन राहुल पाठक ने किया एवं मोनू पाठक ने आभार व्यक्त किया। बैठक में तेंदूखेड़ा सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ, युवा एवं कनिष्ठ ब्राह्मण बंधुओं की सक्रिय उपस्थिति रही।







