गाडरवारा: ग्राम पंचायत कौड़ियां में निस्तार पानी से परेशान किसान पहुँचे तहसील, पक्का नाला व पुलिया निर्माण की मांग
गाडरवारा के कौड़ियां गांव में निस्तार पानी की समस्या से परेशान किसान तहसील पहुंचे। पक्का नाला, पुलिया और स्थाई समाधान की मांग, आंदोलन की चेतावनी।

गाडरवारा। ग्राम पंचायत कौड़ियां के निस्तार पानी की समस्या से लंबे समय से परेशान किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि शासकीय गोहे में पहले से जुड़े दो नालों के कारण उनके खेतों में लगातार जलभराव बना रहता है। इससे खेती, आवागमन और फसल उत्पादन पर गंभीर असर पड़ रहा है।
नए नाले की योजना से बढ़ेगी समस्या: किसान
किसानों ने बताया कि प्रशासन अब मौजूदा गोहे में एक और नाला जोड़ने की योजना बना रहा है। उनका कहना है कि यदि ऐसा किया गया, तो लगभग 50–60 किसान और कई रहवासी सीधे प्रभावित हो जाएंगे और खेतों में पानी भरने की स्थिति और बढ़ जाएगी।
पक्का नाला व स्थाई समाधान की मांग
किसानों ने ज्ञापन में स्पष्ट कहा है कि प्रशासन पक्का नाला और पक्की पुलिया का निर्माण करे, जिससे जलभराव और आवागमन की समस्या स्थाई रूप से दूर हो सके।
उन्होंने बताया कि कच्ची और अस्थाई संरचनाओं के कारण हर साल बरसात के दौरान खेत जलमग्न हो जाते हैं और आवागमन बाधित हो जाता है।
आंदोलन की चेतावनी भी दी
किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन, धरना और भूख हड़ताल जैसे विकल्प अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
किसानों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उन्हें बार-बार समस्या न झेलनी पड़े, इसके लिए स्थाई समाधान जल्द से जल्द लागू किया जाए।







