“तू मर भी जाएगा तो नहीं आऊंगी…” पत्नी के शब्दों से टूटा युवक, नरसिंहपुर में फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड VIDEO में छलका दर्द
नरसिंहपुर में पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप। पढ़ें पूरी खबर।

नरसिंहपुर।
जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से मानसिक रूप से टूट चुके एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपनी पीड़ा, बेबसी और टूटते रिश्तों का दर्द बयां करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
मृतक की पहचान प्रमोद मेहरा (30) पिता पतिराम मेहरा, निवासी खैरी नाका गांव, कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। प्रमोद चावरा विद्यापीठ स्कूल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था और वर्ष 2020 में उसका विवाह हुआ था।
सुसाइड VIDEO में छलका दर्द, कहा—अब और सहन नहीं कर सकता
आत्महत्या से पहले फेसबुक पर डाले गए वीडियो में प्रमोद ने बताया कि 8 तारीख को पत्नी से मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन न तो मारपीट हुई और न ही कोई बड़ा विवाद। इसके बावजूद पत्नी के मायके वाले गांव पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले गए।
वीडियो में प्रमोद रोते हुए कहता है—
“पत्नी और उसके घर वालों ने साफ कह दिया कि तू मर भी जाएगा तो हम नहीं आएंगे…”
उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे अपनी दोनों मासूम बेटियों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा, जिससे वह अंदर से पूरी तरह टूट चुका है।
कई लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और भड़काने का आरोप
प्रमोद ने वीडियो में सोहन नामक व्यक्ति पर सबसे ज्यादा भड़काने का आरोप लगाया। साथ ही उसने ससुर, जेठानी और जीतू नाम के व्यक्ति को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रमोद ने कहा कि उसने हमेशा पत्नी और बच्चों की जरूरतें पूरी कीं, कभी कोई अत्याचार नहीं किया, फिर भी उसे अकेला छोड़ दिया गया।
मां का आरोप—बेटे के साथ की गई मारपीट
मृतक की मां कुसुम बाई ने आरोप लगाया कि मंगलवार को प्रमोद अपनी पत्नी को लेने ससुराल बगासपुर गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई और पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया।
बुधवार रात करीब 9 बजे प्रमोद घर लौटा और उसी रात उसने फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी
परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को जिला अस्पताल ले जाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड वीडियो समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समाज के लिए सवाल
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि
क्या पुरुषों की मानसिक पीड़ा को समाज और सिस्टम गंभीरता से लेता है?
टूटते रिश्ते, बच्चों से बिछड़ने का दर्द और सामाजिक दबाव—कई बार एक इंसान को इस कदर तोड़ देते हैं कि वह मौत को ही अंतिम रास्ता समझ लेता है।







