36 वर्षों की सेवा के बाद प्राचार्य संजय व्यास का सेवानिवृत्ति पर भावभीना विदाई समारोह
गाडरवारा के ग्राम सढूमर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य संजय व्यास के 36 वर्षों की सेवा उपरांत सेवानिवृत्ति पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।

गाडरवारा।
समीपस्थ कौड़ियां संकुल के ग्राम सढूमर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय व्यास के 36 वर्षों की दीर्घ, निष्ठावान एवं सराहनीय शैक्षणिक सेवा पूर्ण होने पर एक भावभीना विदाई समारोह का आयोजन विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में किया गया।
समारोह में उपस्थित शिक्षकगण, कार्यालयीन स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने श्री व्यास के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता, अनुशासित प्रशासक एवं शैक्षणिक नवाचारों के प्रेरणास्रोत के रूप में स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय ने न केवल शैक्षणिक बल्कि सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

अपने उद्बोधन में श्री संजय व्यास ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री व्यास को तिलक लगाकर, पुष्पमाला, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा स्मृति-चिह्न एवं उपहार प्रदान किए गए। समारोह में शिक्षक मनोहर लोधी, सोमराज लोधी, ठाकुरदास, राव मनोहर सिंह, नीरज शर्मा, राजेन्द्र सिंह, पवन कौरव, अखिलेश ढिमोले, कमलेश मेहरा, गोपाल साहू, टीना मेहरा, मनीषा शर्मा, निकिता साहू सहित समस्त शिक्षकगण, कार्यालयीन कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं व्यास परिवार के वरिष्ठ व कनिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी प्राचार्य श्री संतोष नामदेव द्वारा किया गया।







