सालीचौका में धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि: 15 मिनट में सफेद चादर, गेहूं-मूंग फसल को नुकसान
सालीचौका में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल को नुकसान। कई जगह सफेद चादर, मकानों के टीन शेड उड़े।

संवाददाता अवधेश चौकसे
साली चौका(नरसिंहपुर)। शनिवार शाम सालीचौका नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी, रिमझिम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी।
तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि
शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चली, जिसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। अमाडा रोड, मझींट मंदिर क्षेत्र सहित बसुरिया, लवासर, अमाडा और बारछी गांवों में करीब 10 से 15 मिनट तक आंवला और बेर के आकार के ओले गिरे।
ओलावृष्टि के कारण कई जगह जमीन सफेद चादर से ढकी नजर आई।
फसलों को भारी नुकसान की आशंका
इस मौसम बदलाव से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
- अधिकांश किसानों की कटी हुई गेहूं की फसल अभी खलिहानों में रखी है, जो खराब होने की आशंका है।
- वहीं मूंग और उड़द की फसल, जो अभी शुरुआती अवस्था में है, उसे भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि तेज आंधी से ज्यादा नुकसान बारिश और ओलावृष्टि से हुआ है।
टीन शेड उड़े, कच्चे मकानों को नुकसान
तेज आंधी के कारण कई मकानों के टीन शेड उड़ गए, जबकि कुछ कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है।
बिजली बाधित, व्यापारियों को नुकसान
आंधी के चलते क्षेत्र में बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जिससे स्थानीय व्यापारियों, खासकर आइसक्रीम विक्रेताओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है।







