ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में डॉ. सोनल डागा का चयन
ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में डॉ. सोनल डागा का चयन

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता
बैतूल : आगामी 12 से 16 जनवरी तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के लिए मध्यप्रदेश महिला टीम का चयन कर लिया गया है।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु बैतूल की पूर्व दंत चिकित्सक एवं वर्तमान में सीहोर जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. सोनल डागा का चयन किया गया है। डॉ. सोनल डागा वर्तमान में दंत चिकित्सक एवं आयुष्मान मेडिकल कोऑर्डिनेटर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर न केवल अपने जिले बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग को गौरवान्वित किया है।
राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन 3 व 4 जनवरी को टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में किया गया था। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। डॉ. सोनल डागा ने अपने शानदार खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर फाइनल तक पहुंचते हुए राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में डॉ. सोनल डागा मध्यप्रदेश महिला टीम की ओर से राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। उल्लेखनीय है कि वे स्वास्थ्य विभाग, मध्यप्रदेश से सिविल सर्विस टेबल टेनिस में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं, जो मध्यप्रदेश सहित पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है।







