घरेलू कलह बना खून की वजह: पत्नी की नृशंस हत्या करने वाला पति पुलिस के शिकंजे में
सोती पत्नी का गला रेतकर फरार हुआ आरोपी, खेत में छिपा मिला; नरसिंहपुर पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

संवाददाता अवधेश चौकसे
नरसिंहपुर।
नरसिंहपुर जिले में घरेलू कलह के चलते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक विवाद से उपजे गुस्से में पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी और फरार हो गया था। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को खेत में छिपे होने की सूचना पर दबोच लिया।
घर के कमरे में मिला था महिला का शव
थाना कोतवाली अंतर्गत 10 दिसंबर 2025 को बजरंग वार्ड निवासी अभिषेक नेमा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मित्र सौरभ सोनी की माता श्रीमती लता सोनी की उनके ही घर के ऊपर वाले कमरे में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पति निकला हत्यारा
प्रारंभिक विवेचना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतिका के पति मनोज सोनी ने ही की थी, जो वारदात के बाद से फरार था।
विशेष टीम गठित, शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहपुर श्री मनोज गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा शहर, रेलवे स्टेशन, नर्मदा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया गया तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
खेत में छिपा मिला आरोपी, मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 02 जनवरी 2026 को नरसिंहपुर–करेली मार्ग स्थित हाईवे के पास सिद्ध बाबा मंदिर के पीछे खेत से आरोपी मनोज सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
तानों और झगड़ों में ले ली पत्नी की जान
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी उसे काम न करने और घर जमाई होने के ताने देती थी, जिससे आए दिन विवाद होता था। इसी आक्रोश में उसने 09 दिसंबर 2025 की रात जब पत्नी सो रही थी, तब चाकू से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी।
हथियार और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू एवं वारदात के समय पहने गए कपड़े टट्टा पुल के पास कबाड़ गोदाम के पीछे खड़ी सफेद रंग की कबाड़ कार से बरामद किए।
आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे, उप निरीक्षक मनीष मरावी, आरक्षक पंकज राजपूत, जितेंद्र सिंह, प्रहलाद, रोहित चंपुरिया एवं नगर रक्षा समिति सदस्य शुभम मालवीय की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।







