नरसिंहपुर में “गायब होती बेटियां” : 31 दिनों में 71 महिलाएं-बालिकाएं लापता, क्या कोई संगठित गिरोह सक्रिय है?
जनवरी में जिले से 71 बालिकाएं-युवतियां लापता, हर दिन औसतन दो महिलाएं हो रहीं गायब

गाडरवारा/नरसिंहपुर।
जिले से जनवरी माह में महिलाओं और बालिकाओं के लगातार लापता होने के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। जनवरी 2026 के 31 दिनों में जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों से 71 बालिकाएं व महिलाएं रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गईं। औसतन हर दिन दो महिलाएं अचानक गायब होना न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि किसी संगठित अपराध की आशंका को भी जन्म देता है।
इन सभी मामलों की सूचना संबंधित थानों में दर्ज है, लेकिन कई मामलों में अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। परिजनों के लिए जहां यह घटनाएं जीवन भर का दुख बन जाती हैं, वहीं पुलिस के लिए भी गुमशुदा लोगों की तलाश एक बड़ी चुनौती साबित हो रही है।
पंडाल के बाहर से पत्नी और 3 साल की बेटी गायब
थाना डोंगरगांव | 28 जनवरी, शाम 5:30 बजे
डोंगरगांव क्षेत्र के एक 30 वर्षीय किसान अपनी 20-22 वर्षीय पत्नी और 3 साल की बेटी के साथ पतलोन गांव में आयोजित 10 कुंडीय हवन-यज्ञ और प्रवचन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद किसान ने पत्नी से कहा कि वह बाइक लेकर आता है और उसे पंडाल के बाहर खड़ा रहने को कहा।
करीब 10 मिनट बाद लौटने पर पत्नी और बेटी दोनों गायब मिलीं। पंडाल, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
नर्मदा जयंती पर स्नान करने गए, घर लौटे तो 15 साल की बेटी लापता
थाना गाडरवारा | 25 जनवरी, रात 10 बजे
सालीचौका क्षेत्र के एक गांव के निवासी नर्मदा जयंती पर पूजन-स्नान के लिए परिवार सहित नर्मदा तट गए थे। घर पर बेटी मौजूद थी। रात करीब 10 बजे घर लौटने पर पता चला कि उनकी 15 वर्षीय बेटी गायब है।
बताया गया कि बेटी ने चाची से आंगन के वॉशरूम जाने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद 27 जनवरी को थाने में सूचना दर्ज कराई गई।
सहेली के साथ बाजार जाने की बात कहकर निकली किशोरी, अब तक नहीं लौटी
थाना स्टेशन गंज | 14 जनवरी
17 वर्षीय किशोरी घर से यह कहकर निकली थी कि वह सहेली के साथ बाजार जा रही है और थोड़ी देर में लौट आएगी। देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक किशोरी का पता नहीं चल सका।
15 से 20 वर्ष की बालिकाएं सबसे ज्यादा लापता
आंकड़े बताते हैं कि जनवरी 2026 में गुम हुई 71 महिलाओं-बालिकाओं में से 38 की उम्र 11 से 20 वर्ष के बीच है।
- 15, 16 और 17 वर्ष की 12 बालिकाएं
- 18 वर्ष की 11 युवतियां
- 19-20 वर्ष की 15 युवतियां
इन सभी मामलों में थानों में रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन बड़ी संख्या में बालिकाएं अब भी लापता हैं।
थाना क्षेत्रवार आंकड़े
- करेली: 14
- स्टेशन गंज (नरसिंहपुर): 13
- गाडरवारा: 11
- गोटेगांव: 9
- चीचली: 6
- तेंदूखेड़ा: 5
- डोंगरगांव: 3
- नरसिंहपुर: 3
- साईखेड़ा: 2
जनवरी में कुल 107 लोग लापता
जनवरी माह में जिले से कुल 107 लोग लापता हुए, जिनमें
- 71 महिलाएं,
- 35 पुरुष
- और 1 किन्नर शामिल है।
यह आंकड़े समाज, परिवार और प्रशासन—तीनों के लिए गंभीर चेतावनी हैं। डिजिटल और मोबाइल युग में भी किशोर-किशोरियों पर पारिवारिक निगरानी और संवाद की कमी साफ़ नजर आ रही है।







