स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में गाडरवारा में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गाडरवारा। सनातन धर्म प्रेमियों ने सोमवार को शक्तिधाम मंदिर परिसर में एकत्रित होकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ लगाए गए आरोपों के विरोध में जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन एसडीएम कलावती ब्यारे को सौंपा गया। इसमें आरोपों को निराधार बताते हुए कहा गया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, जिन्हें आदिशंकराचार्य की परंपरा का प्रतिनिधि बताया गया है, के विरुद्ध षड्यंत्रपूर्वक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल, महेश अधरुज, रविशेखर जायसवाल, कुशलेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. उमाशंकर दुबे, सतीश सैनी, राजीव दुबे, मुकेश बसेड़िया, बसंत तपा, दिग्विजय सिंह, सर्वेश्वर पांडे, अभिषेक पटैल, अजय राठौर, अन्नू शर्मा, शैलेश तिवारी, अवधेश रुसिया, संगीता जायसवाल, संजय कौरव, मनीष कौरव, राहुल राय, गुड्डा मालपानी, अवधेश पांडे सहित अनेक सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।







