भाजपा नेता पवन पटेल पर जानलेवा हमला: 4 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज, जांच तेज
गाडरवारा में भाजपा नेता पवन पटेल पर जानलेवा हमला, पुलिस ने 4 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया। अवैध खनन शिकायत से जुड़ा मामला।

गाडरवारा। भाजपा नेता पवन पटेल पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पलोहा थाना पुलिस ने इस मामले में 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5) एवं 109(1) के तहत प्रकरण कायम किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
अवैध खनन की शिकायत के बाद हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, पवन पटेल ने क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और निर्धारित सीमा से बाहर खनन की शिकायत प्रशासन से की थी।
इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पोकलैंड मशीन, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त किए थे।
इसी कार्रवाई से नाराज होकर रेत कंपनी से जुड़े लोगों पर हमला कराने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
हमले में दोनों पैरों में गंभीर चोट
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पवन पटेल के पैरों पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी दोनों टांगों में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद उनका इलाज अस्पताल में जारी है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से जांच
पलोहा थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी ने बताया कि पुलिस टीम गठित कर दी गई है, जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।







