क्राइममध्य प्रदेश

गोटेगांव में नहर किनारे मिला बस संचालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बोले– कहीं और हत्या कर शव को नहर किनारे फेंका गया

गोटेगांव (नरसिंहपुर)। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आंखीवाड़ा क्षेत्र में नहर के मोड़ पर एक बस संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान गोटेगांव निवासी 45 वर्षीय आनंद राय के रूप में हुई है। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

आंखीवाड़ा क्षेत्र में मिला शव

स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह नहर के मोड़ पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

नहर में गिरी मिली मृतक की बाइक

पुलिस जांच के दौरान मृतक की बाइक नहर में गिरी हुई पाई गई है। इस बिंदु को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। गोटेगांव एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों का कहना है कि आनंद राय की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को नहर के पास लाकर फेंका गया। मृतक के बड़े भाई अमित कुमार राय ने आरोप लगाया कि पप्पू पटेल और बबलू पटेल नामक व्यक्ति जुआ खिलाने का काम करते हैं और आनंद को जुए में फंसा रखा था।
दो दिन पहले पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद और गाली-गलौज भी हुई थी।

खाने के बहाने बुलाने का आरोप

परिजनों के अनुसार घटना वाली रात आनंद राय को खाना खाने के बहाने बुलाया गया, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। मृतक के भाई अनूप राय ने बताया कि सुबह किसी अन्य व्यक्ति ने फोन कर नहर किनारे शव मिलने की जानकारी दी।

सिर पर चोट, कान क्षतिग्रस्त

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो आनंद राय के सिर पर गहरी चोट के निशान थे और एक कान भी क्षतिग्रस्त पाया गया, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।

कपड़ों पर उल्टी, लेकिन मौके पर नहीं मिले निशान

मृतक की बहन प्रतिमा राय ने बताया कि आनंद के कपड़ों पर उल्टी के निशान थे, लेकिन घटनास्थल पर उल्टी नहीं मिली, जिससे स्पष्ट होता है कि घटना स्थल कहीं और हो सकता है।

मर्ग कायम, एफएसएल टीम जांच में जुटी

एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल, अंतिम संपर्क और अन्य सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!