बरमान मेला बिगाड़ने की साजिश: सोशल मीडिया पर IAS अधिकारी के खिलाफ सुनियोजित दुष्प्रचार, पुलिस अधीक्षक से सख़्त कार्रवाई की मांग
बरमान मेले को लेकर IAS अधिकारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार के मामले में पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर से सख़्त कार्रवाई की मांग, IT एक्ट के तहत जांच की अपील।

संवाददाता अवधेश चौकसे
नरसिंहपुर।
प्राचीन, ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था का केंद्र मां नर्मदा तट स्थित बरमान मेला इन दिनों एक गंभीर विवाद के घेरे में आ गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और प्रशासनिक अधिकारियों की छवि धूमिल करने के प्रयास को लेकर पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को एक विस्तृत लिखित ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन देने पहुंचे जिले के वरिष्ठ पत्रकार अभय हिंदुस्तानी ने बताया कि कुछ तथाकथित पत्रकारों एवं असामाजिक तत्वों द्वारा पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करते हुए भ्रामक खबरें, एडिटेड वीडियो और तथाकथित स्टिंग फुटेज प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे प्रशासन और समाज के बीच अविश्वास पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वच्छता अभियान से बौखलाए तत्वों पर आरोप
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बरमान मेला क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पिछले दो माह से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन मिलकर व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
इसी सकारात्मक प्रयास से कथित रूप से असहज होकर कुछ तत्वों ने प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू किया, ताकि मेले की व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित किया जा सके।
IAS अधिकारी को बनाया गया निशाना
ज्ञापन में विशेष रूप से जिला पंचायत नरसिंहपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री गजेंद्र सिंह नागेश (IAS) के विरुद्ध छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट एवं फर्जी स्टिंग वीडियो वायरल किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
ज्ञापनकर्ताओं ने मांग की है कि:
- वायरल वीडियो एवं पोस्ट की फॉरेंसिक व तकनीकी जांच कराई जाए
- यह स्पष्ट किया जाए कि सामग्री किसने, कब, कैसे और किसके कहने पर बनाई और प्रसारित की
- वीडियो में की गई कथित बातचीत की सत्यता की निष्पक्ष जांच हो
आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि जनसंपर्क विभाग नरसिंहपुर से उन पत्रकारों एवं व्यक्तियों की सूची प्राप्त की जाए, जिन्होंने बिना आधिकारिक पुष्टि और तथ्यों के खबरें एवं वीडियो प्रसारित किए।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फेक न्यूज और प्रशासनिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) एवं अन्य विधिक प्रावधानों के तहत सख़्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
सामाजिक शांति को खतरे की चेतावनी
ज्ञापनकर्ताओं ने चेताया कि यदि समय रहते कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो इसका सीधा असर:
- जिले की प्रशासनिक विश्वसनीयता
- बरमान मेले की व्यवस्था और गरिमा
- एवं जिले की सामाजिक शांति व धार्मिक सौहार्द
पर पड़ सकता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि ऐसे तत्वों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाया जाए, ताकि ऐतिहासिक बरमान मेला शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके।







