ज्ञान और गति का संगम: शासकीय कन्या उमावि गाडरवारा में गीता जयंती व साइकिल वितरण समारोह संपन्न

गाडरवारा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में सोमवार को गीता जयंती एवं निःशुल्क साइकिल वितरण का भव्य संयुक्त समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा, संस्कार और सशक्तिकरण के इस अनोखे संगम ने छात्राओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।
सरस्वती व गीता पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा और अध्यक्षता कर रहे बीजेपी मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने मां सरस्वती और पवित्र श्रीमद्भगवद्गीता के पूजन से की। प्राचार्य सुशील शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना पर आकर्षक नृत्य ने समारोह को भक्तिमय माहौल में बदल दिया। इसके बाद शिक्षिका रश्मि शुक्ला के निर्देशन में छात्राओं ने सामूहिक रूप से गीता श्लोकों का पाठ किया।

गीता का सार समझाया प्राचार्य ने
प्राचार्य सुशील शर्मा ने गीता जयंती के महत्व, उसके मूल सिद्धांत—कर्म योग, ज्ञान योग और भक्ति योग—के साथ आधुनिक जीवन में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गीता जीवन जीने की सर्वोत्तम कला और कर्तव्य पालन का मार्गदर्शन देती है।
अतिथियों ने दिया प्रेरणादायक संदेश
मुख्य अतिथि शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि गीता के सिद्धांत, विशेषकर निष्काम कर्म, जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने शासन की निःशुल्क साइकिल योजना को बेटियों के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि साइकिल से छात्राओं की शिक्षा निर्बाध जारी रहेगी।
विशिष्ट अतिथियों आनंद दुबे, सुरेंद्र गूजर और शुभम राजपूत ने छात्राओं को कर्तव्यनिष्ठ, आत्मविश्वासी और लक्ष्य केंद्रित रहने की प्रेरणा दी।
छात्राओं में खुशी की लहर
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। साइकिल पाकर उनकी चेहरे खिल उठे। संचालन अल्पना नाहर ने किया तथा आभार रश्मि शुक्ला द्वारा व्यक्त किया गया।







