ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बैतूल में 14 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, 65 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता
शाहपुर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आर-सेटी) बैतूल में सॉफ्ट टॉयस मेकिंग एवं जूट प्रोडक्ट उद्यमी विषय पर आयोजित 14 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आज आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सत्र दिनांक 06 जनवरी 2026 से 19 जनवरी 2026 तथा 07 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया था।
समापन समारोह में कुल 65 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में आर-सेटी निदेशक श्रीमती शेंडे एवं एनआरएलएम से श्री दिनेश बेलवंशी तथा श्री घनश्याम यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

निदेशक महोदया ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं एवं बैंक के माध्यम से ऋण प्राप्त कर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार सिलाई, ब्यूटी पार्लर प्रबंधन सहित अन्य प्रशिक्षण कोर्स लेकर स्वरोजगार अपनाने की जानकारी दी, जिससे हजारों बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ा जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बकरी पालन, सेलफोन रिपेयरिंग, मशरूम फार्मिंग, डेयरी फार्मिंग एवं अन्य स्वरोजगार व्यवसायों से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण का लाभ उठाकर स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया तथा बताया कि आर-सेटी में सभी प्रकार के प्रशिक्षण पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान किए जाते हैं।
समापन समारोह में फैकल्टी सोनम धोटे, कार्यालय सहायक श्री अरविंद देशमुख, श्री मनोज पवार, डीएसटी ट्रेनर के रूप में श्रीमती ललिता राजपूत एवं श्रीमती नीतू राजपूत सहित प्रशिक्षणार्थीगण उपस्थित रहे।







