गाडरवारा में ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण: कलेक्टर रजनी सिंह के सख्त निर्देश
गाडरवारा में चीचली रोड स्थित ब्लैक स्पॉट स्थलों का कलेक्टर रजनी सिंह ने निरीक्षण किया। कामती चौराहा सहित संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सड़क सुधार के निर्देश दिए।

गाडरवारा। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गाडरवारा तहसील के चीचली रोड स्थित दिघोरी तिगड्डा, कामती चौराहा, पिठेहरा तथा रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संवेदनशील स्थलों पर तत्काल प्रभाव से सांकेतिक एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को पूर्व सूचना मिल सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कामती चौराहा पर विशेष ध्यान
कामती चौराहा पर सड़क की फुटपाथ में कटिंग एवं अंधा मोड़ पाए जाने पर कलेक्टर ने वहां सांकेतिक बोर्ड स्थापित करने के साथ-साथ सड़क के समतलीकरण और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने पर जोर दिया।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया , एसडीएम कलावती व्यारे , यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर की जा रही कार्रवाई से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।







