मध्य प्रदेश

अस्पताल पहुंचीं कलेक्टर नेहा मीना, घायल बच्चों का हाल जाना

मेले में हुए हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, जांच दल गठित

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी

झाबुआ | झाबुआ में आयोजित ‘महाराज नो मेलो’ के दौरान सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब 4 बजे मेले में लगा एक झूला अचानक अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 15 छात्राएं घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल झाबुआ भेजा गया।

उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राएं हुईं घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्राएं उत्कृष्ट विद्यालय की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झूले पर क्षमता से अधिक बच्चों के बैठने के कारण संतुलन बिगड़ा और झूला गिर गया। घटना के बाद मेला परिसर में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, एडीएम भास्कर गाचले, तहसीलदार सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

अस्पताल पहुंचीं कलेक्टर नेहा मीना, बच्चों का हाल जाना

हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर नेहा मीना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायल बच्चों का हाल-चाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और बच्चों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया।

कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बच्चों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. बघेल को व्यक्तिगत रूप से उपचार की निगरानी करने के निर्देश दिए।

हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच दल गठित करने के आदेश जारी किए हैं। जांच दल में—

  • अपर कलेक्टर
  • अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
  • कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग
  • कार्यपालन यंत्री, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल
  • परियोजना अधिकारी, शहरी विकास अभिकरण

शामिल किए गए हैं। यह दल घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि इस हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की प्राथमिकता बच्चों का स्वास्थ्य

कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता घायल बच्चों का बेहतर उपचार है।
उन्होंने कहा—

“हमारा पूरा फोकस बच्चों के स्वास्थ्य पर है, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें। प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाएं समानांतर रूप से जारी रहेंगी।”

14 छात्र-छात्राएं अस्पताल में भर्ती, सभी की हालत स्थिर

सीएमएचओ झाबुआ ने बताया कि सांदीपनि विद्यालय के कुल 14 छात्र-छात्राएं, जिनमें 13 छात्राएं और 1 छात्र शामिल हैं, जिला अस्पताल में भर्ती हैं। सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और उनके वाइटल्स सामान्य बताए गए हैं। बच्चों के माता-पिता को भी सूचना दे दी गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!