सीएमओ वैभव देशमुख ने ली जलप्रदाय व स्वास्थ्य शाखा की बैठक
पाइपलाइन निरीक्षण व नगर की साफ-सफाई पर दिए सख्त निर्देश

गाडरवारा। नगर पालिका परिषद के सभा कक्ष में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) वैभव देशमुख ने जलप्रदाय एवं स्वास्थ्य शाखा की संयुक्त बैठक आयोजित कर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि नगरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएमओ ने जलप्रदाय शाखा से जुड़े सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पाइप लाइनों का बारीकी से निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की समस्या या रिसाव की जानकारी जलप्रदाय शाखा प्रभारी को तत्काल दें, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
वहीं स्वास्थ्य शाखा के कर्मचारियों को नगर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं शुद्ध जल आपूर्ति से ही नगरवासियों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
बैठक के दौरान जयंत ब्राउन सहित जलप्रदाय एवं स्वास्थ्य शाखा के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







