मध्य प्रदेश

ब्रेन हेमरेज से पीड़ित गाडरवारा निवासी सोनू लोधी के इलाज हेतु मुख्यमंत्री, विधायक व सांसद स्वेच्छानुदान से त्वरित सहायता की मांग

ब्रेन हेमरेज से पीड़ित गाडरवारा निवासी सोनू लोधी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री, विधायक व सांसद स्वेच्छानुदान से त्वरित आर्थिक सहायता की मांग, 6 लाख से अधिक खर्च।

गाडरवारा। विधानसभा क्षेत्र गाडरवारा के सुभाष वार्ड निवासी सोनू लोधी ब्रेन हेमरेज से गंभीर रूप से पीड़ित हैं और वर्तमान में जबलपुर स्थित बेस्ट सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उपचाररत हैं। उनकी गंभीर आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान, स्थानीय विधायक एवं सांसद स्वेच्छानुदान निधि से त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग उठाई गई है।

भाजपा नेता पवन पटेल ने लिखा ईमेल पत्र

भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता पवन पटेल ने इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, संबंधित मंत्रियों, सांसद, कलेक्टर तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत दिलाने का अनुरोध किया है।

10 दिनों से अस्पताल में भर्ती, खर्च हो चुके 5–6 लाख रुपये

पत्र में बताया गया है कि सोनू लोधी विगत लगभग 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले भी वे लकवा सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित रह चुके हैं। सोनू लोधी एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

इलाज पर अब तक 5 से 6 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है। आर्थिक संकट इतना गहरा है कि परिवार को अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा है। वर्तमान में इलाज जारी रखने के लिए परिवार के पास कोई आर्थिक साधन शेष नहीं है।

आयुष्मान योजना का लाभ न मिलने पर जांच की मांग

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आयुष्मान भारत योजना के बावजूद निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। इस मामले में योजना के क्रियान्वयन एवं निजी अस्पताल द्वारा निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूली की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

सीधे अस्पताल खाते में राशि जारी करने की मांग

पवन पटेल ने आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के अंतर्गत स्वीकृत सहायता राशि सीधे अस्पताल के खाते में जारी की जाए, ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही स्थानीय विधायक एवं सांसद स्वेच्छानुदान निधि से भी आर्थिक सहयोग प्रदान किए जाने की अपील की गई है।

मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा मामला

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा है। शासन-प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को राहत प्रदान करनी चाहिए, जिससे सोनू लोधी का इलाज निर्बाध रूप से जारी रह सके।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!