बिहार चुनाव में BJP की बड़ी जीत पर इटारसी में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयाँ

संवाददाता सनी लालवानी
इटारसी। बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में इटारसी में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न जोरदार तरीके से मनाया। नगर भाजपा मंडल कार्यालय में हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
इस मौके पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चोरे विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास कार्यों और जनता के भरोसे की जीत है।
कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, तिरंगा और भाजपा के झंडे लहराकर उत्सव मनाया। कई कार्यकर्ताओं ने ढोल-ढमाकों की धुन पर नाचकर अपनी खुशी का इजहार किया।
नगर मंडल कार्यालय में माहौल उत्साह, जोश और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
स्थानीय भाजपा नेताओं का कहना था कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास और स्थिर सरकार को चुना है। इटारसी में भी कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया और आने वाले चुनावों में भी पार्टी को मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद जताई।







