सालीचौका में पुलवामा अटैक की बरसी पर कैंडल मार्च, शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सालीचौका नरसिंहपुर में बाबा साहेब युवा शक्ति संगठन द्वारा पुलवामा अटैक की बरसी पर कैंडल मार्च निकालकर 40 शहीद सीआरपीएफ जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। 14 फरवरी 2019 को में हुए आतंकी हमले की बरसी पर नगर सालीचौका में बाबा साहेब युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकालकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस हमले में (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हुए थे।
राष्ट्रवादी एवं संविधानवादी विचारधारा से प्रेरित आयोजन
गाडरवारा क्षेत्र के अंतर्गत सक्रिय बाबा साहेब युवा शक्ति संगठन, जो राष्ट्रवादी एवं संविधानवादी विचारधारा के लिए कार्यरत है, ने 14 फरवरी 2026 शनिवार की शाम पुलवामा शहीद दिवस की स्मृति में नगर में कैंडल मार्च का आयोजन किया।

कैंडल मार्च नर्मदा मंदिर और राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, गुड़ बाजार और मौरछल्ली पटवा बाजार होते हुए निकाला गया। नगर के प्रमुख स्थल नर्मदा मंदिर के समीप सभी प्रतिभागी एकत्रित हुए, जहां वीर शहीदों की स्मृति में कैंडल जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला शक्ति के रूप में बेटियों और युवतियों ने सहभागिता की। “वीर शहीद अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से नगर गूंज उठा। उपस्थित युवाओं ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को नमन किया और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
आसपास के गांवों से भी पहुंचे युवा
इस अवसर पर सालीचौका सहित मारेगांव, अर्जुनगांव, अमाडा, पचामा, भटरा, डूंगरिया, आडेगांव कला, पोडार, दराना, बेलखेड़ी, सहावन, टोला, खमरिया, पिटवानी और नांदनेर समेत आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में युवाजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इसी संगठन द्वारा 26 जनवरी 2026 को पोडार चौराहा से गाडरवारा तक संविधान सम्मान रैली एवं तिरंगा यात्रा का भी भव्य आयोजन किया गया था।







