BREAKING NEWS: नर्मदा पुल से महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने बचाई जान

बुधनी। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे नई नर्मदा पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 45 वर्षीय एक महिला ने अचानक पुल की रेलिंग पार कर नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला कुछ क्षण रेलिंग पर खड़ी रही और फिर सीधे नदी में कूद गई।
नाविकों की सूझबूझ से बची जान
नदी में तेज बहाव के बीच महिला बहती हुई बेरखेड़ी घाट की ओर जा रही थी। घाट पर मौजूद नाविकों ने तुरंत हालात समझे और बिना देर किए नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नाविकों की त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस व 112 टीम की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने 112 वाहन की मदद से अर्द्धचेतन अवस्था में पाई गई महिला को तत्काल सिविल अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कारण स्पष्ट नहीं
महिला ने छलांग क्यों लगाई—यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला की पहचान व घटना के कारणों को जानने की कोशिश कर रही है।








