बोहानी में संदिग्ध हालात में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी
राघवनगर हाई स्कूल के पास सुबह फैली सनसनी, सिहोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची

बोहानी (नरसिंहपुर)। जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र की सिहोरा पुलिस चौकी अंतर्गत रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना बोहानी गांव स्थित राघवनगर हाई स्कूल के पुराने गेट के पास हुई।
सूचना मिलते ही सिहोरा चौकी प्रभारी विजयपाल सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है और मौत के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में सूचना भिजवाई है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सिहोरा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







