नर्मदा स्नान में डूबे दो किशोरों के शव मिले: 24 घंटे बाद बरामद, कार्तिक पूर्णिमा पर हुआ था हादसा
गाडरवारा नरसिंहपुर जिले में कार्तिक पूर्णिमा के दिन नर्मदा नदी में स्नान करते समय डूबे दो किशोरों के शव 24 घंटे बाद बरामद किए गए। एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

गाडरवारा/नरसिंहपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर नर्मदा नदी में स्नान करने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। 24 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार को दोनों के शव बरामद किए गए। यह दर्दनाक हादसा तेंदूखेड़ा और करेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी बीएल त्यागी के अनुसार, गाडरवारा निवासी मोहित सोनी (13) का जन्मदिन 5 नवम्बर को था। जन्मदिन के दिन वह अपने दोस्तों योगेश साहू, जुनैद पिता भूरा मिस्त्री और चचेरे भाई के साथ ककराघाट स्थित नर्मदा नदी स्नान के लिए गया था।
यहां कार्तिक पूर्णिमा का मेला भी चल रहा था और घाट पर पुलिस बल व गोताखोर तैनात थे। बताया गया कि ये तीनों बालक मेला स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर बरमान की ऊंचाई वाले स्थल पर नहाने चले गए, जहां गहराई अधिक थी।

नहाते समय तीनों डूबने लगे। तभी पास में मौजूद एक नाविक ने उन्हें देखा और शोर मचाया। स्थानीय लोगों की मदद से योगेश और जुनैद को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मोहित सोनी गहरे पानी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ (SDERF) और होमगार्ड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने तक मोहित का कोई पता नहीं चल सका।
लगातार 24 घंटे तक चलाए गए सघन अभियान के बाद गुरुवार सुबह ककराघाट और हीरापुर घाट के बीच से मोहित का शव बरामद हुआ।
इसी तरह, करेली थाना क्षेत्र के केरपानी गांव निवासी राजभोज गौड़ (13) का शव भी गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे रेतघाट के पास मिला।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार्तिक पूर्णिमा जैसे शुभ अवसर पर हुई इन दुर्घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।







