संगठन मजबूती को लेकर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक, विधानसभा घेराव में अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान

संवाददाता सम्राट अंकित कुशवाहा
मंडीदीप। संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मंडीदीप की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल ने की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए वार्ड और बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश मीणा ने बताया कि शीघ्र ही वार्ड समितियों का गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाल ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए मंगलवार को भोपाल मे आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंडी अध्यक्ष नरेंद्र चौकसे, गणेश शर्मा, सुरेश श्रीवास्तव, एमपी गोस्वामी, राकेश मालवीय फरीद भाई विजय सोनी वीरेंद्र मीणा मनीष मालवीय झुम्मक पाल संजय राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्षद, पूर्व पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।







