नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी भाजपा नेता 3 टुकड़ों में मिला, दमोह में रेलवे ट्रैक पर मिली लाश
दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव रेलवे ट्रैक पर तीन टुकड़ों में मिला। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बीच मौत, पुलिस जांच और डीएनए टेस्ट जारी।

दमोह। मध्य प्रदेश के जिले में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव तीन हिस्सों में कटा हुआ था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना देहात थाना क्षेत्र के समन्ना रेलवे ट्रैक की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जा रहा है।
दुष्कर्म के आरोप में थी तलाश
पुलिस के अनुसार, कूदन आदिवासी पर 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप था। इस मामले में उनकी तलाश की जा रही थी, इसी दौरान उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
पीड़िता 5 महीने की गर्भवती निकली
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में वह करीब पांच महीने की गर्भवती पाई गई।
पूछताछ में उसने कूदन आदिवासी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद परिजनों ने में एफआईआर दर्ज कराई। लड़की की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया।
परिजनों का आरोप—झूठा केस, आत्महत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि कूदन आदिवासी को चुनावी रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाया गया।
परिवार के अनुसार, उन्होंने मरने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपों से आहत होकर उन्होंने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की हो सकती है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं।
मगरोन थाना प्रभारी के अनुसार, जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या कुछ और। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।







