बाँदरबर्रू की बेटी ने जेएनयू में रचा इतिहास, बनीं जॉइंट सेक्रेटरी

नई दिल्ली / बाँदरबर्रू। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर ज़िले के बाँदरबर्रू गाँव की बेटी दानिश अली ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्र संघ चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने AISA (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की तरफ़ से चुनाव लड़ते हुए जॉइंट सेक्रेटरी का पद अपने नाम किया है।
दानिश की यह जीत ना सिर्फ़ जेएनयू कैंपस में बल्कि उनके गृह ज़िले में भी गर्व का विषय बनी हुई है। दानिश अली की प्रारंभिक शिक्षा क्राइस्ट चर्च कॉन्वेंट स्कूल, गाडरवारा में हुई। इसके बाद उन्होंने न्यू एज पब्लिक स्कूल, गाडरवारा से अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री तेग़ बहादुर खालसा कॉलेज से बी.ए. ऑनर्स की डिग्री हासिल की। अपने सपने को साकार करते हुए उन्होंने जेएनयू में एडमीशन पाया और जेएनयू से पोस्ट ग्रेजुएशन किया और वर्तमान में वहीं से पीएचडी कर रही हैं।
छात्र राजनीति में सक्रिय दानिश अली ने सामाजिक न्याय, शिक्षा के अधिकार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज़ उठाई है। AISA के बैनर तले उन्होंने कैंपस में छात्रों के हितों की रक्षा और समावेशी माहौल बनाने की मुहिम चलाई। दानिश की जीत की ख़बर मिलते ही बाँदरबर्रू और आसपास के इलाक़ों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि दानिश ने गाँव और ज़िले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके पिता श्री सैयद एहफ़ाज़ अली, माता श्रीमति सायरा अली, भाई सैयद शादाब अली एवं परिवार के राशिद अली, शाहिद अली, इरफान अली, अशरफ़ अली, फिदा हुसैन व अन्य परिजनों से बधाई दी है।
दानिश का कहना है, “ये जीत मेरी नहीं है बल्कि हर उस छात्र की है जो समानता और न्याय के लिए आवाज़ उठाता है। मैं चाहती हूँ कि गाँव की हर बेटी आगे बढ़े, अपने सपनों को साकार करे और ग़रीब मज़्लूम व पिछड़ों का साथ दे।”







