नशा मुक्त भारत अभियान: ब्रह्माकुमारीज नरसिंहपुर द्वारा चलित कुंभकरण झांकी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम
नरसिंहपुर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत कुंभकरण की चलित झांकी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 500 लोगों ने भाग लिया।

नरसिंहपुर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय साईंखेड़ा द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। रविवार, 30 नवंबर को बीके प्रीति दीदी और बीके यशवंत भाई के मार्गदर्शन में पीपर पानी, टेकापार, पिपरिया कला, बांसखेड़ा, झिरिया माता और रमपुरा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान का प्रमुख आकर्षण कुंभकरण की चलित झांकी रही, जिसने लोगों का ध्यान खींचा और नशा मुक्ति संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान बीके प्रीति दीदी ने कहा कि “ईश्वर ने मानव जीवन हमें उपहार रूप में दिया है, इसे श्रेष्ठ कार्यों में लगाएं। जैसे हम गाड़ी में गलत ईंधन नहीं भरते, उसी तरह शरीर रूपी गाड़ी में नशे जैसे विषैले पदार्थ डालकर इसे नष्ट न करें।” उन्होंने लोगों से पौष्टिक प्राकृतिक आहार अपनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोगी बनने की अपील की।
बीके यशवंत भाई ने गुटखा, तंबाकू, शराब और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके सेवन से जीभ, गले और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। नशा मुक्ति जागृति के लिए उन्होंने बच्चों को नारा भी सिखाया—
“एक दो एक दो… बीड़ी-सिगरेट फेंक दो।”
कार्यक्रम के अंत में बीके अंजली दीदी ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई।
इस अभियान में शशिभूषण, राजेंद्र शर्मा, सुधा शर्मा सहित अनेक सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में लगभग 500 लोगों ने लाभ प्राप्त किया और नशा मुक्त समाज के लिए कदम बढ़ाने का संकल्प लिया।







