क्राइममध्य प्रदेश

मामूली टक्कर के बाद बर्बरता की हदें पार: रिटायर्ड फौजी को पीटा, बोनट पर लटकाकर 500 मीटर तक घसीटा

ग्वालियर के भिंड रोड पर सनसनीखेज वारदात, 16 सेकंड का वीडियो वायरल

ग्वालियर। शहर के भिंड रोड पर शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली सड़क टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने रिटायर्ड फौजी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें कार के बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घसीटते ले गए।

यह सनसनीखेज घटना डीडी नगर चौराहे के पास की है, जिसका 16 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि किस तरह एक व्यक्ति कार के बोनट पर लटका हुआ है और वाहन तेज़ रफ्तार में दौड़ रहा है।

रिटायर्ड फौजी बने बर्बरता का शिकार

पुलिस के अनुसार, पीड़ित कल्याण किशोर कांत शर्मा, रिटायर्ड फौजी हैं और आदित्यपुरम स्थित गणेश कॉलोनी में रहते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे वे अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ प्रेस्टीज कॉलेज की ओर से घर लौट रहे थे।

मामूली टक्कर ने लिया हिंसक रूप

आदित्याज होटल के पास उनकी कार की टक्कर एक अन्य कार (MP 07 ZL-8545) से हो गई। टक्कर के बाद दूसरी कार में सवार दो युवक बाहर निकले और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने रिटायर्ड फौजी और उनके बहनोई के साथ मारपीट की।

भीड़ जुटी तो कार लेकर भागे आरोपी

घटना स्थल पर भीड़ इकट्ठा होने लगी तो आरोपी कार लेकर भागने लगे। उन्हें रोकने के प्रयास में रिटायर्ड फौजी कार के सामने खड़े हो गए, लेकिन आरोपियों ने कार रोकने के बजाय उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे उछलकर सीधे बोनट पर गिर पड़े

500 मीटर तक बोनट पर घसीटा

इसके बाद आरोपियों ने कार नहीं रोकी और रिटायर्ड फौजी को बोनट पर लटकाए हुए करीब 500 मीटर तक कार दौड़ाई। कुछ दूरी पर अचानक ब्रेक लगाने से वे सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। घायल साले-बहनोई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!