बसुरिया में शिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, 11 फुट त्रिशूल गौशाला बसुरिया मुक्तिधाम भोलेनाथ जी को अर्पित किया

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका नरसिंहपुर
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम बसुरिया स्थित गौशाला ग्राउंड मुक्तिधाम में आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर धर्मबंधु शिव भक्तों के तत्वावधान में 11 फुट ऊँचा त्रिशूल, शिव ध्वज और शिव बारात के साथ पूरे ग्राम में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शिव बारात की शुरुआत गौशाला परिसर से हुई, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होती हुई मुक्तिधाम ग्राउंड स्थित शिव मंदिर पहुँची। बारात में ढोल-नगाड़ों की गूंज, “हर-हर महादेव” के जयघोष और शिव भजनों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। पुरुष, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में बारात में शामिल हुए और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया।
मुक्तिधाम ग्राउंड स्थित शिव मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ 11 फुट का त्रिशूल भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया गया। आचार्यजनों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं आरती संपन्न कराई गई। आयोजन के दौरान शिव भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के संयोजकों ने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात निकालने का उद्देश्य ग्राम में धार्मिक चेतना का प्रसार करना, युवाओं को सनातन परंपराओं से जोड़ना तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना है। आयोजन में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
आयोजन के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। समस्त ग्रामवासियों ने इस सफल आयोजन के लिए शिव भक्तों और आयोजकों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक आयोजनों को निरंतर करने का संकल्प लिया।







