पंचकुण्डीय रुद्र महायज्ञ में शिव–पार्वती विवाह सम्पन्न, निकली भव्य बारात
सुनीता पटेल और विनीत महेश्वरी सहित हजारों श्रद्धालु बने साक्षी

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)।
समीपस्थ ग्राम बेरखैड़ी हार बसुरिया स्थित बंदेमातरम आश्रम रेशम केंद्र के निकट चल रहे पंचकुण्डीय रुद्र महायज्ञ, रुद्री निर्माण एवं शिव महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ के पाँचवें दिन बुधवार को भक्तिमय माहौल छा गया।
इस अवसर पर कथा व्यास बुंदेलखंड के प्रसिद्ध गौपीठाधीश्वर महंत 108 श्री विपिन बिहारी जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के पवित्र विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।
ज्यों ही कथा में विवाह प्रसंग आया, पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
शिवजी की भव्य बारात बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते शामिल हुए।
श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़
इस भव्य आयोजन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल, नर्मदा शुगर मिल के संचालक विनीत महेश्वरी, समाजसेवी सुरेंद्र मझले भैया सहित क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम स्थल पर पूरे दिन भक्तों की अपार भीड़ रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
लाइव प्रसारण से भी जुड़े श्रद्धालु
कथा के पाँचवें दिन संयोगवश सालीचौका में हाट बाजार भी था, जिसके कारण अनेक श्रद्धालु प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सके।
फिर भी उन्होंने अपने मोबाइल पर कथा के लाइव प्रसारण के माध्यम से शिव–पार्वती विवाह का दिव्य दर्शन किया और कथा श्रवण का आनंद लिया।
महिला दिवस पर रहेगी विशेष कथा
कथा व्यास श्री विपिन बिहारी जी ने बताया कि शुक्रवार को कथा महिला एवं बेटियों पर केंद्रित रहेगी। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करें, साथ ही महंगे आभूषण पहनकर न आने का निवेदन भी किया।
आध्यात्मिक उत्सव में समर्पण और श्रद्धा का भाव
यह पंचकुण्डीय रुद्र महायज्ञ क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन चुका है। यज्ञ में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेकर वेद-मंत्रों की गूंज के बीच अहिंसा, करुणा और आस्था का संदेश प्रसारित कर रहे हैं।







