धर्ममध्य प्रदेश

शिवरात्रि महापर्व पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सालीचौका में दिनभर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका (नरसिंहपुर)। महाशिवरात्रि के पावन महापर्व पर नगर सालीचौका में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन और हवन कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की। यह सिलसिला रविवार से प्रारंभ होकर सोमवार प्रातः तक विधि-विधान के साथ जारी रहा।

पोढ़ार शिव मंदिर में तीन दिवसीय मेला

नगर के प्रसिद्ध पोढ़ार शिव मंदिर परिसर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन के लिए पहुंचे।

कुंदकेश्वर दरबार में महाप्रसादी

सोनी मोहल्ला स्थित कुंदकेश्वर दरबार में विशेष पूजन-अर्चन के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

गुप्ता मोहल्ला में शिवमहाभिषेक और भजन कीर्तन

चौकसे परिवार के कुलदेवता श्री हनुमान मंदिर (गुप्ता मोहल्ला) में शिवमहाभिषेक का आयोजन किया गया। देर रात तक महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

अन्य शिवालयों में भी भंडारे और महाअभिषेक

रेलवे कॉलोनी स्थित बड़े मंदिर सहित नगर के अन्य शिवालयों में भी महाशिवरात्रि पर महाअभिषेक, महाप्रसादी और भंडारे आयोजित किए गए। पूरा नगर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर सालीचौका में उमड़ी आस्था की यह तस्वीर समाज में श्रद्धा, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत मिसाल बनकर सामने आई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!