धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर गाडरवारा में कांग्रेस का जश्न, हनुमान चालीसा पाठ कर बांटा प्रसाद
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जीत और छात्रों के आंदोलन की सफलता पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया उत्सव, बोले- "अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है"

गाडरवारा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र और छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए जश्न मनाया। नगर की पुरानी गल्ला मंडी स्थित हनुमान मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन के बीच प्रसाद वितरण किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज, जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष के परिणामस्वरूप यह निर्णय सामने आया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है” के नारे लगाते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि भविष्य में भी युवाओं के अधिकारों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश में न्यायपूर्ण और पारदर्शी व्यवस्था की कामना की तथा उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया।







