NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

संवाददाता पूजा मालवीय
नरसिंहपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक मामले, दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार, 23 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सुभाष पार्क चौराहा, नरसिंहपुर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री लाखन सिंह जी की उपस्थिति रही। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है। छात्रों पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी का भी विरोध जताया और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







