अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने परिवार और बाल कल्याण पर रखे विचार

गाडरवारा/टेकापार। अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के उपलक्ष्य में नवचेतना आनंद क्लब टेकापार द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से स्नातक स्तर तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “परिवार, असमानताएं एवं बाल कल्याण” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में परिवार के महत्व, सामाजिक समानता और बाल कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतिभागियों ने न केवल लिखित रूप में अपने विचार व्यक्त किए, बल्कि मंच पर मौखिक प्रस्तुति देकर भी अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच यशवंत सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ रेवा शंकर कटारे, मुकद्दम सिंह राजपूत, दिवाकर कटारे, शेर सिंह राजपूत एवं रामपाल सिंह राजपूत सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने पर शिवांश लोधी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैष्णवी कटारे द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि महक उदेनिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा प्रियांश राजपूत, दिव्या राजपूत, मनीष राजपूत, हेमकुंवर लोधी एवं रिया लोधी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा का प्रस्तुतीकरण अर्पित कटारे द्वारा किया गया। वहीं प्रतिपाल सिंह ने आनंद क्लब के उद्देश्यों और ग्राम स्तर पर ऐसे संगठनों की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के सफल संचालन में नीतेश लोधी ने व्यवस्थापक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा मुकेश लोधी, नीलेश लोधी एवं पुण्यप्रताप लोधी ने समय-समय पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में नवचेतना आनंद क्लब के अध्यक्ष चंद्रभान लोधी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बच्चों के बौद्धिक और सामाजिक विकास के लिए इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
सफल आयोजन के साथ यह कार्यक्रम अपने उद्देश्य की पूर्ति करते हुए संपन्न हुआ और विद्यार्थियों को परिवार, सामाजिक समानता तथा बाल कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सोचने और अपनी बात रखने का अवसर मिला।







