सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसान सभा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, उग्र आंदोलन की चेतावनी
नरसिंहपुर के सालीचौका में सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसान सभा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू। 3 किमी कच्ची सड़क से 50 परिवार परेशान, उग्र आंदोलन की चेतावनी।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सालीचौका क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसान सभा ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मध्य प्रदेश किसान सभा इकाई बारहा बड़ा के संयोजक दिनेश कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल 2026 से यह आंदोलन शुरू किया गया है।
3 किलोमीटर कच्ची सड़क से लोग परेशान
धरना स्थल पेट्रोल पंप बारहा बड़ा रोड से सत्यनारायण श्रीवास्तव के मकान से लेकर रघुवर कुशवाहा उमर नदी तक तथा कंछेदी कुशवाहा के मकान से प्रकाश होरी वाले तक लगभग 3 किलोमीटर कच्चा रास्ता है।
यह मार्ग बरसात ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी खेतों का पानी भर जाने से दलदल में तब्दील हो जाता है।
50 परिवारों को रोजाना दिक्कत
इस समस्या से कुशवाहा मोहल्ला (टोला) बारहा बड़ा के वार्ड क्रमांक 4 और 5 के करीब 50 परिवार प्रभावित हैं।
स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और किसानों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वर्षों से हो रही मांग, नहीं हुई सुनवाई
किसान सभा के अनुसार, इस सड़क के निर्माण के लिए आजादी के बाद से कई बार पंचायत और प्रशासन को ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
दिनेश कुशवाहा ने कहा कि मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि क्रमिक भूख हड़ताल, पुतला दहन, चक्का जाम और आमरण अनशन जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
22 अप्रैल को किसान नेताओं की भागीदारी
22 अप्रैल को आंदोलन में किसान सभा के कई बड़े नेता शामिल होंगे, जिनमें राज्य सहायक महासचिव जगदीश पटेल , जिला अध्यक्ष लीलाधर वर्मा , जिला महासचिव देवेंद्र वर्मा, सह सचिव नरेंद्र वर्मा और जिला समिति सदस्य यादुराज वर्मा शामिल रहेंगे।
प्रशासन से अपील
किसान सभा ने प्रशासन से अपील की है कि ग्रामीणों को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर न किया जाए और जल्द से जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए।







