करेली में धमनी नदी पुनर्जीवन को मिला जनसहयोग, सफेद पुल के पास हुआ धमनी नदी पर श्रमदान एवं ‘नदी संवाद’

संवाददाता पूजा मालवीय करेली
करेली। नगर के सफेद पुल के समीप स्थित धमनी नदी तट पर आज एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां नदी पुनर्जीवन के उद्देश्य से श्रमदान एवं “नदी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर नदी संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नर्मदा भक्त पूज्य दादा गुरु महाराज जी के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने नदी किनारे सफाई और श्रमदान किया। उनके आगमन से कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश ने नदी पुनर्जीवन के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि “नदियों का संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। ऐसे प्रयासों से ही हम अपनी प्राकृतिक धरोहर को बचा सकते हैं।”
“नदी संवाद” के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि धमनी नदी का पुनर्जीवन क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए निरंतर जनसहभागिता जरूरी है।
कार्यक्रम में युवाओं, समाजसेवियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन एक जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया।
करेली में आयोजित यह पहल न सिर्फ नदी संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम भी बन रही है।







