मां नर्मदा के दोनों घाटों पर स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण, जिला पंचायत सीईओ ने चलाया सफाई अभियान
नरसिंहपुर के ब्रह्मांड घाट में मां नर्मदा के दोनों घाटों पर जिला पंचायत सीईओ विकास गजेंद्र नागेश ने स्वच्छता अभियान चलाकर निरीक्षण किया, दुकानदारों को डस्टबिन रखने के निर्देश।

बरमान/नरसिंहपुर | अवधेश चौकसे।
मां नर्मदा अंचल क्षेत्र अंतर्गत भगवान ब्रह्मा जी की तपस्या स्थली ब्रह्मांड घाट में स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास गजेंद्र नागेश ने मां नर्मदा जी के दोनों घाटों पर काफी समय तक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर ही सफाई अभियान चलाया।
बताया गया कि जिला पंचायत सीईओ विकास गजेंद्र नागेश पिछले करीब 7 सप्ताह से लगातार ब्रह्मांड घाट क्षेत्र में स्वच्छता, विकास और गंदगी हटाने को लेकर विशेष रुचि ले रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में मेला स्थल, सीढ़ी घाट और रेत क्षेत्र में निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
रेत क्षेत्र और घाट परिसर में की गई सफाई
निरीक्षण के दौरान बरमान कला एवं बरमान खुर्द क्षेत्र के दोनों घाटों पर मां नर्मदा भक्तों की उपस्थिति में सफाई कार्य किया गया। मेला स्थल पर फैली गंदगी को एकत्र कर निस्तारण किया गया। इस दौरान दुकानों से राजश्री गुटखा के पैकेट, पॉलिथीन एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।
जिला पंचायत सीईओ ने दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की गंदगी फैलाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार समझाइश देने के बावजूद गंदगी रुक नहीं रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
दुकानों पर डस्टबिन अनिवार्य
सीईओ विकास गजेंद्र नागेश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब केवल समझाइश नहीं, बल्कि सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा। सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के पास डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का क्षेत्र पवित्र है, यहां किसी भी प्रकार की गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही पर लगेगा जुर्माना
निरीक्षण के दौरान पक्के घाट पर स्थित प्राकृतिक झरनों एवं झीलों का भी अवलोकन किया गया। उपस्थित बुजुर्गों से जानकारी लेकर ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया कि इन प्राकृतिक स्रोतों को संरक्षित किया जाए, आसपास की गंदगी हटाई जाए तथा दीवार निर्माण व चित्रांकन कर इन्हें अलग पहचान दी जाए।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
बरमान कला पक्के घाट स्थित मां नर्मदा प्रदेश प्रवेश द्वार, भरत वाटिका एवं गार्डन स्थल का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। टीन शेड के समीप जाली लगाने के निर्देश भी दिए गए ताकि कचरा बाहर न फेंका जा सके। अन्य चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
टूटे घाटों की मरम्मत के निर्देश
सीईओ ने घाटों की टूट-फूट और जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि मेला आयोजन से पहले जितनी भी मरम्मत संभव हो, उसे तत्काल पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मां नर्मदा का पवित्र क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बना रहे।







