SDM Steno Rishwat Case: SDM कार्यालय में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते स्टेनो रंगे हाथ गिरफ्तार
Sidhi SDM Steno Rishwat Case: रीवा लोकायुक्त ने चुरहट SDM कार्यालय के स्टेनो को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जमीन नामांतरण और स्थगन आदेश के बदले मांगी थी रिश्वत।

Sidhi SDM Steno Rishwat Case Rewa Lokayukta Action Churhat: मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसके बावजूद सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सीधी जिले के चुरहट से सामने आया है, जहां रीवा लोकायुक्त की टीम ने SDM कार्यालय में पदस्थ स्टेनो को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी को चुरहट बीछी रोड स्थित एक किराना दुकान से दबोचा गया, जहां वह पीड़ित से जमीन के उत्तराधिकार प्रकरण में नाम दर्ज कराने और स्थगन आदेश पक्ष में कराने के बदले रिश्वत ले रहा था।
सीधी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, SDM कार्यालय में मचा हड़कंप
शुक्रवार शाम रीवा लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने चुरहट तहसील कार्यालय क्षेत्र में दबिश देकर यह कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी स्टेनो को पकड़ा गया, SDM कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपी की पहचान रामहित तिवारी, स्टेनो (SDM कार्यालय, चुरहट) के रूप में हुई है, जो जमीन से जुड़े एक विवादित प्रकरण को अपने पक्ष में कराने का झांसा देकर रिश्वत मांग रहा था।
50 हजार की डिमांड, पहले ही वसूल चुका था 25 हजार
लोकायुक्त को यह शिकायत गजेंद्र सिंह पटेल, निवासी ग्राम पड़खुरी, तहसील चुरहट द्वारा दी गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पुस्तैनी भूमि से जुड़ा उत्तराधिकार प्रकरण SDM कार्यालय में लंबित है।
स्वर्गीय भाई सुरेंद्र कुमार की वसीयत के आधार पर वारिसाना नामांतरण और स्थगन आदेश अपने पक्ष में कराने के बदले आरोपी स्टेनो ने 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
इसमें से वह पहले ही 25 हजार रुपए की पहली किस्त ले चुका था।
किराना दुकान पर बिछाया गया जाल, 10 हजार लेते ही पकड़ा गया स्टेनो
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।
शुक्रवार (26 दिसंबर) शाम करीब 5 बजे, स्टेनो ने रिश्वत की अगली किस्त के 10 हजार रुपए लेने के लिए पीड़ित को चुरहट बीछी रोड स्थित किराना दुकान पर बुलाया।
जैसे ही आरोपी ने रुपए हाथ में लिए, सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त निरीक्षक एस.आर. मरावी और उनकी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त टीम ने मौके पर आरोपी के हाथ धुलवाए, जिसमें गुलाबी रंग उभरकर आया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद SDM कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है।







