परशुराम सेना ने गोपाष्टमी पर किया गौ पूजन, माँ नर्मदा तट पर वेद मंत्रों से गूंजा वातावरण
गाडरवारा में गोपाष्टमी पर परशुराम सेना द्वारा माँ नर्मदा तट पर गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वेद मंत्रों के बीच गौ माता का श्रृंगार, पूजन और गौ ग्रास अर्पण किया गया।

गाडरवारा (नरसिंहपुर)।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर परशुराम सेना मध्यप्रदेश द्वारा माँ नर्मदा के शोकलपुर घाट स्थित संस्कृत पाठशाला की गौशाला में गौ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी पं. मुकेश बसेड़िया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और बटुक ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों के साथ गौ माता का पूजन-अर्चन, श्रृंगार और गौ ग्रास अर्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ रेवा की आराधना से हुई। इसके बाद उपस्थित जनों ने गौ माता को पीत वस्त्र, घंटी, माला पहनाकर उनका पूजन किया और सामूहिक आरती संपन्न की। कार्यक्रम के दौरान पशु आहार भी भेंट किया गया।
पं. मुकेश बसेड़िया ने कहा कि –
“गाय में सर्वदेवता निवास करते हैं। गौ माता से बढ़कर परोपकारी जीव इस सृष्टि में दूसरा नहीं है।
शास्त्रों में भी कहा गया है —
‘माता सर्वदेवानां त्वं च यज्ञस्य कारणम्, त्वं तीर्थं सर्वतीर्थानां नमस्तेस्तु सदानधे।’
अर्थात् हे गौ माता, आप सभी देवताओं की माता हैं, यज्ञ का कारण हैं और सभी तीर्थों का भी तीर्थ हैं।”
इस पावन अवसर पर पं. राजेश पचौरी, पं. अनुज शर्मा, आचार्य निर्मल वैरागी, पं. शिवांश शर्मा, पं. कृष्णा वैरागी, पं. रुद्र पांडे, पं. प्रतीक शर्मा, पं. सुयश शर्मा, पं. कार्तिक सहित अनेक बटुक ब्राह्मणजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पूरे आयोजन में गौ सेवा, वेद पाठ और नर्मदा भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।







