चीचली ब्लॉक में पोषण माह का खंड स्तरीय आयोजन

गाडरवारा। भारत सरकार महिला एवं बाल विकास के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की तरह माह सितंबर को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक मनाने हेतु कहा गया है।
तत्संबंध में महिला बाल विकास परियोजना चीचली में विकासखंड स्तरीय आठवां राष्ट्रीय पोषण माह का खंड स्तरीय आयोजन जनपद अध्यक्ष राधा कमलेश अहिरवार एवं जनपद सदस्य सीमा चौरसिया बारहा बड़ा की उपस्थिति में ग्राम बारहा बड़ा में आयोजित हुआ।
जैसे प्रतिवर्ष थीम के आयोजन से जन जागरूकता लाने का प्रयास किया जाता है। परियोजना चीचली के 208 आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्रीय पोषण माह की निर्धारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। परियोजना अधिकारी उमा बर्मन ने विस्तार से पोषण माह के आयोजन के बारे में बताया।
इसमें गर्भवती और स्तनपान करने वाली माताओं को परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। ऊपरी आहार छह माह के बाद प्रारंभ करने, जन्म से 1000 दिन तक विशेष देखभाल करना। कम नमक, कम चीनी, तेल का प्रयोग करना, पोषण पर पुरुषों के नेतृत्व में सामुदायिक शपथ लेना। 0 से 3 वर्ष के बच्चों हेतु अभिभावक सत्र का आयोजन। आभा आईडी बनवाने में सहयोग करना। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थ से पोषण में सहयोग, स्वदेशी निर्मित खिलौने का उपयोग, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिक्षा परामर्श देना, योग से खेलों का आयोजन, मोटापे की रोकथाम, शिक्षक-अभिभावक मीटिंग आयोजन, कुपोषण की पहचान, पोषण पुनर्वास में भर्ती करना। सभी प्रकार की योजनाएं, पहचान, चिन्हांकन लाभ दिलाना। किचन गार्डन का प्रयोग, प्लास्टिक प्रयोग हानिकारक आदि विभिन्न विषयों पर समुदाय में माता-पिता को जनांदोलन में गतिविधि से जोड़ने के विषय में बताया।
पर्यवेक्षक वंदना राजपूत ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जनपद अध्यक्ष ने सभी को पोषण माह में सक्रिय भागीदारी निभाने शपथ दिला कर समाज में जागरूकता लाने पर प्रकाश डाला। उक्तावसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं, गर्भवती, धात्री, किशोरी बालिकाएं, पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य मिलेट्स पदार्थ की व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन किया। पोषण माह परियोजना के सभी 208 आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया जा रहा है।